मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और प्रदेश कांग्रेस की जनाक्रोश यात्रा के खिलाफ ताबड़तोड़ हमले बोलते हुए कहा कि सनातन धर्म के अपमान पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मौनी बाबा बन जाते हैं और प्रदेश में सब जानते हैं कि कांग्रेस के ही खिलाफ जनाक्रोश है।
चौहान ने भारतीय जनता पार्टी की जन आशीर्वाद यात्राओं और आगामी 25 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में होने वाले कार्यकर्ता महाकुंभ के बारे में संवाददाताओं से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने श्री कमलनाथ को जम कर आड़े हाथों लिया।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने जन आशीर्वाद यात्रा और स्नेह यात्रा जैसी यात्राएं निकालीं, जबकि कांग्रेस भाजपा की यात्राओं का जब जवाब देने की कोशिश में है, तो अपनी यात्रा का नाम जनाक्रोश यात्रा रख रही है। इन यात्राओं में भी उनके नेता और कार्यकर्ता आपस में ही आक्रोश प्रकट कर रहे है।
मुख्यमंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा कि श्री कमलनाथ जानते थे कि आक्रोश किसके खिलाफ है, इसलिए इन यात्राओं के पोस्टर से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की तस्वीर ही गायब कर दी और स्वयं यात्राओं से गायब हो गए।
उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि ऐसी पार्टी जिसका नेता पहिए वाला सूटकेस सिर पर लेकर चलता है, उसका क्या होगा।
चौहान ने कहा कि पूरे प्रदेश में कांग्रेस के खिलाफ आक्रोश है