भोपाल, मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेश की 230 में से 228 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने अपने टिकटों का वितरण कर दिया है और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सभी कार्यकर्ता स्वर्णिम मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए काम करेंगे।
चौहान ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि पार्टी ने अपने टिकटों का वितरण कर दिया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हम स्वर्णिम, समृद्ध और विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए काम करेंगे। प्रदेश को देश के तीन प्रमुख राज्यों की अर्थव्यवस्था में शामिल करने के लिए हम काम कर रहे हैं। इसी उद्देश्य से आने वाले 25-26 दिन सभी कार्यकर्ता दिन-रात काम करने में जुटेंगे और जनता के समर्थन और आशीर्वाद से पार्टी की महाविजय सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी काम में जुट गए हैं। कार्यकर्ता और सम्पूर्ण नेतृत्व भी काम में जुटा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व व प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के मार्गदर्शन में पूरी टीम काम कर रही है। गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में भाजपा भारी विजय प्राप्त करेगी।
भाजपा ने 228 सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। पार्टी को अब मात्र दो सीटों गुना और विदिशा पर अपने प्रत्याशियों का नाम घोषित करना शेष रह गया है।