भोपाल, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा की मौजूदगी मेंं आज कांग्रेस के दो नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ले ली।
पार्टी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्वर्गीय श्रीनिवास तिवारी के पौत्र व कांग्रेस विधायक स्वर्गीय सुंदर लाल तिवारी के पुत्र सिद्धार्थ तिवारी एवं कांग्रेस के गुनौर विधानसभा के पूर्व विधायक फुन्दर चौधरी ने कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को नकारते हुए भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने दोनों को पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया ।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि युवा नेता के पीछे एक राजनीतिक विरासत है। उनके साथ ही अनुभव की भट्टी में तपे बुंदेलखंड के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक चौधरी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। भाजपा परिवार में दोनों का स्वागत है।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा ने कहा कि आज बुंदेलखंड और विंध्य दोनों का संयोग बना है। अब सब मिलकर भाजपा के काम को आगे बढ़ाएंगे।