सागर, 01 नवंबर (वार्ता) केन्द्रीय मंत्री एवं मध्यप्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव ने आज आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेन ने अपने राज में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और आदिवासी समाज की उपेक्षा की है।
श्री यादव ने यह बात जिले के खुरई विधानसभा के मालथौन स्टेडियम में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कही। सभा को केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल और प्रदेश शासन के मंत्री भूपेंद्र सिंह ने भी संबोधित किया। श्री यादव एवं श्री पटेल ने सुरखी विधानसभा के राहतगढ में आयोजित जनसभा को भी संबोधित किया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बाबा साहेब ने हमें संविधान दिया जिसमें दलित व पिछड़ी जातियों को आरक्षण दिया। आर्टिकल 340 के तहत ओबीसी समाज को आरक्षण देने के लिए बनी काका कालेलकर समिति की रिपोर्ट को दफन करने का काम कांग्रेस सरकार ने ही किया था। कांग्रेस सरकार के बाद जब जनता पार्टी आई तब उसने मंडल कमीशन का गठन किया था। फिर कांग्रेस दस साल रही, लेकिन मंडल आयोग की सिफारिश लागू नहीं हुईं। जब भाजपा के समर्थन वाली वीपी सिंह सरकार आई तब ओबीसी आरक्षण के लिए मंडल आयोग की सिफारिश लागू हुईं।
श्री यादव ने कहा कि कांग्रेस को राम मंदिर निर्माण से तकलीफ है। जबकि कांग्रेस को यह समझ लेना चाहिए कि अयोध्या में भगवान श्री राम का विराट मंदिर हमारे लिए घोषणा पत्र का मुद्दा ही नहीं बल्कि हमारी प्रतिबद्धता का विषय है। 500 साल से मंदिर निर्माण की गुत्थी को कानून सम्मत रास्ते से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सुलझा दिया। उन्होंने कहा कि जब श्री कमलनाथ मुख्यमंत्री बने तब इन्होंने आदिवासियों में सबसे पिछड़े बैगा, सहरिया और भारिया जनजातियों को भाजपा सरकार से मिलने वाली राशि तक बंद कर दी थी। 15 महीनों तक कमलनाथ ने आदिवासी हितों के लिए पेसा एक्ट लागू नहीं किया था। भाजपा सरकार ने आते ही पेसा एक्ट लागू किया।
केंद्रीय मंत्त्री पटेल ने खुरई और सुरखी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि खुरई और सुरखी में विकास की गंगा बही है। लेकिन सबसे बड़ी बात उनके विकास में यह रही कि उन्होंने विकास के साथ विरासत का भी संरक्षण किया और क्षेत्र के सारे मंदिरों का कायाकल्प करके रोटी के साथ राम को भी जोड़ा। उन्होंने कहा कि हम तीन लक्ष्य लेकर देश के हर दरवाजे पर दस्तक देते हैं। गरीब का कल्याण, महिला सशक्तिकरण, भारत को विश्व का और मध्यप्रदेश को भारत का सिरमौर बनाना हमारा लक्ष्य है।
खुरई में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि हमने गरीब कल्याण महाअभियान और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा दिए गए दायित्व को पूरा करने का प्रयास किया है। हम सब मिलकर उनके नेतृत्व में गौरवशाली, वैभवशाली, सशक्त भारत का निर्माण करेंगे जिसमें भारत के सांस्कृतिक गौरव की पुनर्स्थापना हो। सुरखी में आयोजित सभा को भाजपा प्रत्याशी गोविंद सिंह राजपूत ने भी संबोधित किया।